T20 World Cup 2026: PCB के फैसले से बढ़ा विवाद, भारत को मिल सकता है वॉकओवर
Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत–पाकिस्तान मुकाबले को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पाकिस्तान सरकार द्वारा टूर्नामेंट में भाग लेने की मंजूरी दिए जाने के बाद अब 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत–पाकिस्तान मैच के बहिष्कार का ऐलान किए जाने से स्थिति और जटिल हो गई है।
इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि क्या भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी या नहीं। अब इस पर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।
ICC प्रोटोकॉल के तहत आगे बढ़ेगा भारत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम इस पूरे मामले में आईसीसी के नियमों और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगी। पाकिस्तान टीम खेले या नहीं, टीम इंडिया अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार श्रीलंका का दौरा करेगी।

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में तय है।
कोलंबो में अभ्यास और प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेगी टीम इंडिया
सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम श्रीलंका पहुंचकर अभ्यास सत्र में भाग लेगी। इसके साथ ही मैच से पहले होने वाली आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस और अन्य औपचारिकताओं को भी पूरा करेगी।
टीम निर्धारित समय पर स्टेडियम पहुंचेगी, जिसके बाद मैच को लेकर अंतिम निर्णय मैच रेफरी द्वारा लिया जाएगा।
पाकिस्तान के नहीं खेलने पर भारत को मिल सकता है वॉकओवर
यदि तय तारीख पर पाकिस्तान की टीम कोलंबो नहीं पहुंचती है और मुकाबला नहीं खेलती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत भारत को वॉकओवर मिलने की संभावना है।
ऐसे में टीम इंडिया को बिना खेले दो अंक मिल सकते हैं, जो ग्रुप चरण में अहम साबित होंगे।
फिलहाल पूरे मामले में सभी की निगाहें आईसीसी के फैसले पर टिकी हैं। विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में किसी एक मैच के बहिष्कार से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि आईसीसी पाकिस्तान के इस फैसले पर क्या रुख अपनाता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए संभावित टीमें
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
पाकिस्तान: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
Also Read: Budget 2026: अगले 10 साल में बदलेगा भारतीय खेल तंत्र, बजट में खेलो इंडिया मिशन का ऐलान

