T20 वर्ल्ड कप में नहीं मिली एंट्री तो बांग्लादेश ने शुरू किया अपना T20 कप
Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने खिलाड़ियों को साधने के लिए एक नई घरेलू टी20 प्रतियोगिता का ऐलान किया है।
भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले न खेलने के फैसले के चलते आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था, जिसकी जगह स्कॉटलैंड को 20 टीमों के इस मेगा इवेंट में शामिल किया गया है।
वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश के कई खिलाड़ियों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की थी। खिलाड़ियों का कहना था कि इस अहम फैसले से पहले सरकार या बोर्ड ने उनसे कोई राय नहीं ली।
कप्तान लिटन दास समेत कई सीनियर खिलाड़ियों ने दावा किया था कि टीम पूरी तरह वर्ल्ड कप के लिए तैयार थी, लेकिन सरकारी निर्देशों के चलते यह स्थिति पैदा हुई।

इसी नाराजगी के बीच बीसीबी ने नई घरेलू टी20 प्रतियोगिता ‘ODOMMO बांग्लादेश टी20 कप 2026’ की घोषणा की है। ‘ODOMMO’ शब्द का बांग्ला में अर्थ होता है अडिग या हार न मानने वाला।
यह टूर्नामेंट 5 फरवरी से 9 फरवरी तक खेला जाएगा, जिसमें तीन टीमें हिस्सा लेंगी—Dhumketu XI, Durbar XI और Duronto XI।
इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश के शीर्ष व्हाइट-बॉल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। लिटन कुमार दास Dhumketu XI की कप्तानी करेंगे, नजमुल हुसैन शांतो को Durbar XI का कप्तान बनाया गया है, जबकि Duronto XI की कमान अकबर अली संभालेंगे।
BCB का कहना है कि यह टूर्नामेंट सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि पूरी तरह प्रतिस्पर्धी होगा।
बोर्ड के अनुसार, इस प्रतियोगिता में कुल 2.5 करोड़ टका (करीब 1.87 करोड़ रुपये) की इनामी राशि और खिलाड़ियों की फीस रखी गई है।
एक बीसीबी अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों को मैच फीस के साथ आकर्षक पुरस्कार राशि दी जाएगी, ताकि टूर्नामेंट का स्तर ऊंचा बना रहे।
ODOMMO बांग्लादेश टी20 कप में इम्पैक्ट प्लेयर नियम भी लागू किया जाएगा। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 5, 6 और 7 फरवरी को होंगे, जबकि फाइनल 9 फरवरी को खेला जाएगा। हर मैच वाले दिन शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम 6 बजे से मुकाबले शुरू होंगे।
टूर्नामेंट से पहले बीसीबी 1 फरवरी से शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए फिटनेस कैंप का आयोजन करेगा। साथ ही तीनों टीमों के कोचिंग स्टाफ की भी घोषणा कर दी गई है।
बोर्ड का मानना है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धी माहौल देने में अहम भूमिका निभाएगी।
Also Read: T20 World Cup 2026: अगर ऐसा हुआ तो ICC को लगेगा 200 करोड़ रुपये का झटका

