आगरा में 21 लाख की ‘MDM’ ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एमपी में सप्लाई की थी तैयारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए गठित एएनटीएफ (ANTF) ने आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक सटीक कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के पास से 210 ग्राम कीमती MDM ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी जा रही है।
फ्लाईओवर के पास धरे गए ‘पार्टनर’
एएनटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि हमीरपुर के रहने वाले दो युवक नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लेकर निकलने वाले हैं। रविवार (1 फरवरी) को इंस्पेक्टर हरवेन्द्र मिश्रा की टीम ने सिकंदरा थाना क्षेत्र के पिंड बलूची रेस्टोरेंट के पास फ्लाईओवर पर घेराबंदी की और जयचन्द यादव और राजेश यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया कि वे हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले एक साल से मादक पदार्थों की तस्करी में पार्टनर के रूप में काम कर रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने कबूला कि वे पहले भी दो बार मुंबई और दो बार दिल्ली से 300-300 ग्राम MDM ड्रग्स लाकर सप्लाई कर चुके हैं। तस्करों ने बताया कि आज भी वे दिल्ली से यह खेप लाए थे और इसे मध्य प्रदेश के छतरपुर और अन्य जनपदों में सप्लाई करने जा रहे थे।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपियों के पास से ड्रग्स के अलावा दो एंड्रॉयड फोन और 3,500 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन दोनों का मुख्य सरगना कौन है और दिल्ली में उन्हें यह माल कौन उपलब्ध कराता था। थाना सिकंदरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

