लखनऊ में मौसम का ‘यू-टर्न’: गलन वाली ठंड से मिली राहत, रात के तापमान में उछाल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है, लेकिन इस बार बदलाव गलन बढ़ाने वाला नहीं बल्कि राहत देने वाला है। सक्रिय हुए ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) के असर से लखनऊ में बर्फीली पछुआ हवाओं का जोर कम हो गया है, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। सोमवार को लखनऊ की रात सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा गर्म रही।
रात का पारा चढ़ा, गलन हुई कम
अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, लखनऊ में सोमवार का न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं दिन का तापमान भी 26.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 2.3 डिग्री ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह पूरे प्रदेश में सोमवार का सबसे अधिक तापमान था।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और हरियाणा के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से हवा का रुख बदल गया है, जिससे पहाड़ों से आने वाली सीधी ठंडी हवाएं रुक गई हैं। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों से महसूस हो रही हड्डियों वाली गलन अब कम हो गई है।
कोहरा और बूंदाबांदी का अलर्ट
मंगलवार को लेकर मौसम विभाग ने कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं। लखनऊ में आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सुबह के समय शहर में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों (बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल) में अगले 24 घंटों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
कहां रही दृश्यता शून्य?
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्से घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे। अलीगढ़, आगरा और हिंडन (गाजियाबाद) में विजिबिलिटी शून्य (Zero) तक पहुंच गई। मुरादाबाद, बरेली और अयोध्या में भी दृश्यता 50 मीटर के आसपास रही, जिससे यातायात पर काफी असर पड़ा।
इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। बांदा, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी और मिर्जापुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। कानपुर, उन्नाव, गोरखपुर, देवरिया और बस्ती समेत मध्य व पूर्वी यूपी के जिलों में कोहरे और खराब मौसम का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, 04 फरवरी से मौसम दोबारा शुष्क होना शुरू होगा। जैसे ही आसमान साफ होगा, रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे रातें एक बार फिर ठंडी होने लगेंगी।
Also Read: UP: संपत्ति का ब्योरा न देने वालों पर शासन सख्त, 47 हजार कर्मचारियों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

