UP पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित, जानिए किस दिन होगा इम्तिहान?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में वर्दी पहनने की आस लगाए बैठे युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। भर्ती बोर्ड ने साफ कर दिया है कि सिपाही के 32,679 पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा इसी साल 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने यह जानकारी करीब चार महीने पहले ही साझा कर दी है, ताकि उम्मीदवारों को अपनी तैयारी पुख्ता करने का पर्याप्त समय मिल सके। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है और तारीखों का आधिकारिक ऐलान भी कर दिया है।
तीन दिन, छह शिफ्ट और ऑफलाइन मोड
इस बार की परीक्षा की खास बात यह है कि यह पूरी तरह ऑफलाइन (Pen-Paper Mode) होगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए इसे तीन दिनों में कराने का फैसला लिया है। हर दिन परीक्षा दो पालियों (Shifts) में होगी, यानी कुल छह शिफ्टों में यह महा-मुकाबला संपन्न होगा।
किन पदों पर होगी भर्ती?
नागरिक पुलिस (Civil Police)
पीएसी (PAC)
जेल वार्डर (Jail Warder)
नकल विहीन परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम रहेंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। बोर्ड ने यह भी कहा है कि आगे की अपडेट्स आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर साझा की जाती रहेंगी।
तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रदेश के कोने-कोने में युवाओं ने लाइब्रेरी और मैदानों में अपनी मेहनत दोगुनी कर दी है। लंबे समय बाद आई इस बड़ी भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

