Ghaziabad News: मोबाइल गेम की लत ने ली तीन सगी बहनों की जान, 9वीं मंजिल से एक साथ लगाई छलांग
Ghaziabad News: थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात वो हुआ, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी। तीन नाबालिग बहनों निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) ने एक साथ अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। रात के करीब 2 बज रहे थे, जब तीनों बहनों ने सोसाइटी के बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी।
ऑनलाइन गेमिंग का खूनी टास्क
शुरुआती जांच में जो बातें निकलकर सामने आ रही हैं, वे बेहद डरावनी हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनों को मोबाइल गेम खेलने की जबरदस्त लत थी। वे अक्सर ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन गेम (Korean Lover Game) खेला करती थीं। यह लत इस कदर बढ़ चुकी थी कि वे नहाना, खाना, सोना और यहाँ तक कि स्कूल जाना भी एक साथ ही करती थीं। पुलिस को अंदेशा है कि इसी गेम के किसी खतरनाक टास्क को पूरा करने के चक्कर में तीनों ने मौत को गले लगा लिया।
गम में डूबा परिवार, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घर में मातम पसरा है और माता-पिता सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस लड़कियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि खुदकुशी की असल वजह और उस ‘खूनी’ गेम के बारे में पुख्ता जानकारी मिल सके।
Also Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, यूपी में जातीय रैलियों पर रोक के आदेश का हो सख्ती से पालन

