किश्तवाड़ के जंगलों में गूंजी गोलियां, सुरक्षाबलों ने जैश का एक आतंकी किया ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चत्रू जंगल क्षेत्र में बुधवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस (SOG) और सीआरपीएफ (CRPF) के साझा ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के दौरान एक आतंकी को मार गिराया गया है। बताया जा रहा है कि इलाके में अभी भी 2 से 3 पाकिस्तानी आतंकवादी छिपे हुए हैं, जिसके चलते सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।
शाम पौने छह बजे फिर शुरू हुई फायरिंग
व्हाइट नाइट कॉर्प्स के मुताबिक, सुरक्षाबलों को दिछार इलाके के ऊपरी हिस्से में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी। शाम करीब 5:45 बजे जब सेना की सीआईएफ डेल्टा यूनिट और पुलिस की टीम आगे बढ़ी, तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को ढेर कर दिया।
पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ ‘फाइनल’ प्रहार
सूत्रों का कहना है कि यह आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। उधमपुर के बाद किश्तवाड़ के इन घने जंगलों में यह दूसरा सबसे बड़ा एंटी-टेरर ऑपरेशन माना जा रहा है। आतंकियों की लोकेशन को देखते हुए मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी भेज दिए गए हैं ताकि कोई भी आतंकी भागने में सफल न हो सके।
कठिन पहाड़ियों में चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन
किश्तवाड़ का यह इलाका घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों से घिरा है, जिससे ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। अंधेरा होने के बावजूद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी मजबूत कर रखी है और आधुनिक उपकरणों के जरिए आतंकियों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
Also Read: लखनऊ पुलिस का ‘रील’ स्टार्स पर एक्शन, जनेश्वर मिश्र पार्क में बैरियर गिराने वाली गाड़ियां सीज

