मायावती ने पार्टी नेताओं को विपक्षी साजिशों से किया आगाह, यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आदेश
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को लखनऊ में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। इस बैठक में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के प्रभारियों और मुख्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मायावती ने कार्यकर्ताओं को जोश भरते हुए कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है, इसलिए पूरी ताकत झोंकने का समय आ गया है।
मायावती ने बैठक में स्वीकार किया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के चलते पिछले कुछ समय में पार्टी की जमीनी गतिविधियां थोड़ी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि अब संगठन को फिर से बूथ स्तर पर सक्रिय करना होगा। उन्होंने सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के नारे को दोहराते हुए कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सामाजिक न्याय की सच्ची राजनीति करती है।
बसपा सुप्रीमो ने विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ पार्टियां बसपा को कमजोर करने के लिए लगातार साजिशें रच रही हैं। उन्होंने संसद के बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहे हंगामे को भी ‘सियासी पार्टियों का खेल’ करार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधियों के बहकावे में न आएं और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से जनता तक पहुँचाएं।
जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरा
सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा, सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बसपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार मुद्दों को सुलझाने के बजाय केवल दिखावे की राजनीति कर रही है।
Also Read: मुंबई को मिली नई महापौर, रीतू तावड़े होंगी BMC की अगली मेयर

