अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम के बिगड़े बोल, अधिकारियों के सामने दी धमकी
Aligarh News: भारतीय जनता पार्टी के सांसद सतीश गौतम एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण विवादों में हैं। मामला कोल रजवाहा (नहर) को खाली कराने से जुड़ा था, जिस पर चर्चा के दौरान सांसद ने अधिकारियों के सामने ही बेहद सख्त और सांप्रदायिक रंग वाली टिप्पणी कर दी। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, अलीगढ़ में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बजट को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक खत्म होने के बाद सांसद सतीश गौतम सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मुखातिब हुए। कोल रजवाहा नहर के मुद्दे पर बात करते हुए सांसद का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधिकारियों से दो-टूक कहा, मैं यहाँ का सांसद हूँ, यहाँ एक मुल्ला नहीं बोलेगा। यहाँ एक परिंदा भी तब उड़ेगा जब हमसे इजाजत ले लेगा।
सांसद की इस भाषा शैली को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष ने इसे संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ और समाज में नफरत फैलाने वाला बयान बताया है। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इस पर चुप्पी साधे रखी, लेकिन प्रशासनिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है।
Also Read: कैसरगंज समाधान दिवस: 62 फरियादियों ने लगाई गुहार, एसडीएम बोले- लापरवाही की तो खैर नहीं

