काशी के अस्सी घाट पर विसर्जित हुईं अजित पवार की अस्थियां, NCP नेताओं ने नम आंखों से दी विदाई
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की अस्थियों का शुक्रवार को काशी के पावन अस्सी घाट पर पूरे धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन किया गया। महाराष्ट्र से अस्थि कलश लेकर पहुंचे राष्ट्रीय युवा नेता अरुण दुबे ने गंगा की लहरों के बीच ‘दादा’ की अस्थियों को प्रवाहित किया।
“जनसेवा के प्रतीक थे दादा पवार”
इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP – अजित पवार गुट) के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा भावुक हो उठे। उन्होंने दादा पवार को याद करते हुए कहा, “अजित दादा केवल एक नेता नहीं, बल्कि संघर्ष और जनसेवा की मिसाल थे। उनका पूरा जीवन आम जनता की तकलीफों को दूर करने और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा। उनका जाना राजनीति के एक युग का अंत है।”
पार्टी के दिग्गज रहे मौजूद
यह पूरा कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हरीश चंद्र सिंह ने भी उपस्थित रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शाम को अस्सी घाट पर होने वाली सुप्रसिद्ध गंगा आरती के दौरान हजारों श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
अस्थि विसर्जन के इस पवित्र अनुष्ठान में अनिल त्रिपाठी, मुरली मनोहर पांडेय, मोहम्मद हसीन, कलिका दुबे सहित एनसीपी के कई बड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Also Read: बिजनौर में ‘फर्जी’ IB डिप्टी डायरेक्टर गिरफ्तार, NSA का नकली कार्ड दिखाकर करता था वसूली

