आगरा में सपा के अंदर घमासान, दो उपाध्यक्षों का इस्तीफा, मोनिका नाज खान पर FIR से बढ़ा विवाद
Monika Naz Khan Controversy: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आगरा में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की महानगर इकाई का अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है। सपा अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय सचिव मोनिका नाज खान के आरोपों और इस्तीफे के बाद अब पार्टी के दो महानगर उपाध्यक्षों ने भी अपने पद छोड़ दिए हैं।
मामला अब केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं है। महानगर उपाध्यक्ष जमीलउद्दीन खान और नासिर खान ने मोनिका नाज खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया है। वहीं, जमील खान की शिकायत पर मोनिका नाज खान के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
पहले Monika Naz Khan ने लगाए थे आरोप
विवाद की शुरुआत सपा नेता मोनिका नाज खान की ओर से महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और कुछ अन्य पदाधिकारियों पर आरोप लगाने से हुई। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को अपना इस्तीफा भेजते हुए मानसिक उत्पीड़न, अपमान और झूठी शिकायतों का आरोप लगाया था।
मोनिका ने वीडियो जारी कर पार्टी नेतृत्व से मामले में हस्तक्षेप और उन्हें सम्मान दिलाने की मांग की थी। हालांकि महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने उनके आरोपों से इनकार किया और कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं।
दो उपाध्यक्षों ने दिया इस्तीफा, मोनिका पर लगाए आरोप
इसके बाद महानगर उपाध्यक्ष जमीलउद्दीन खान और नासिर खान ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उनका दावा है कि परिवार की महिलाओं और अन्य सदस्यों को फोन कर मानसिक रूप से परेशान किया गया और धमकियां दी गईं।
जमील खान ने कहा कि इस विवाद से समाजवादी पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने मोनिका नाज खान के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी।
फोन कॉल और रिकॉर्डिंग के आधार पर FIR
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, जमील खान की तहरीर, फोन कॉल से जुड़े साक्ष्यों और रिकॉर्डिंग के आधार पर सदर थाना पुलिस ने Monika Naz Khan के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में अब नजर सपा नेतृत्व के अगले कदम पर है कि आगरा महानगर संगठन के इस विवाद (Agra SP Dispute) को किस तरह सुलझाया जाता है।
Also Read: सत्ता में लौटे तो रिवर फ्रंट पर बनेगा विश्वकर्मा मंदिर, अखिलेश का ऐलान, 2 पूर्व मंत्री सपा में लौटे

