विधायक पूजा पाल भी साइबर ठगी का शिकार, UPI से दो हफ्ते में खाते से निकले 1.55 लाख रुपये
Pooja Pal Cyber Fraud: उत्तर प्रदेश की चायल विधायक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल भी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। आरोप है कि उनके मोबाइल में अनधिकृत तरीके से सेंध लगाने के बाद UPI के जरिए करीब दो सप्ताह तक बैंक खाते से रकम निकाली गई। इस दौरान कई ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 1.55 लाख रुपये खाते से निकल गए।
मामले की जानकारी 14 सितंबर को हुई। इसके बाद बैंक खाते की जांच कराने पर अनधिकृत लेनदेन का पता चला। विधायक की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
iPhone में सेंध की आशंका, बिना अनुमति हुए UPI ट्रांजेक्शन
पूजा पाल (Pooja Pal) के मुताबिक धूमनगंज स्थित UBI शाखा में उनका बैंक खाता है। तहरीर के अनुसार 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच कई बार UPI के माध्यम से खाते से रकम निकाली गई। विधायक ने आशंका जताई है कि उनके iPhone में किसी तरह अनधिकृत प्रवेश किया गया और इसके बाद उनकी जानकारी या अनुमति के बिना बैंक खाते से भुगतान किए गए।
मोबाइल में मौजूद निजी और महत्वपूर्ण डेटा के अनधिकृत एक्सेस या लीक होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है।
साइबर सेल खंगाल रही UTR और ट्रांजेक्शन ID
धूमनगंज पुलिस और साइबर सेल 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी UPI लेनदेन की जांच कर रही है। पुलिस UTR नंबर, ट्रांजेक्शन ID, संदिग्ध UPI ID और इस्तेमाल किए गए डिवाइस की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मोबाइल, UPI और बैंकिंग सुविधा में अनधिकृत पहुंच की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति, डिवाइस और UPI ID की पहचान की जाएगी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Cyber fraud का नया खेल! ना OTP ना कोई लिंक, खाते से उठा दिए 2.80 लाख रुपए

