भारत-मलेशिया संबंधों को नई मजबूती, आतंकवाद पर PM मोदी ने दिया स्पष्ट संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच व्यापक बातचीत के बाद भारत और मलेशिया ने रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और व्यापार के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए कई नई पहलों की शुरुआत की है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया एक विशेष संबंध साझा करते हैं और दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में अपने संबंधों का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को दोहराते हुए कहा कि आतंकवाद पर भारत का संदेश स्पष्ट है और इसमें कोई दोहरा मापदंड या समझौता नहीं है।
कुआलालंपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर खुद मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया, जिसे द्विपक्षीय संबंधों में नई गति का संकेत माना जा रहा है। वार्ता से पहले मोदी का पर्दाना पुत्र में औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों से दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे और स्नेहपूर्ण संबंध रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया भारतीय मूल के लोगों की आबादी के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सभ्यताएं, साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य दोनों देशों को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश आतंकवाद विरोधी उपायों, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग को और मजबूत करेंगे।
रक्षा, तकनीक और सेमीकंडक्टर सेक्टर में बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया रक्षा सहयोग को और अधिक व्यापक बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के साथ-साथ सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भी साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला और कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र विश्व के विकास के इंजन के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आसियान के साथ मिलकर पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत की आर्थिक प्रगति की मलेशिया ने की सराहना
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, संपर्क और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार और आर्थिक मोर्चे पर भारत ने शानदार वृद्धि दर्ज की है।
Also Read: Lucknow News: मुर्शिदाबाद मस्जिद निर्माण को लेकर चौराहों पर लगे पोस्टर, 10 फरवरी को कूच का ऐलान

