Meerut News: शादी से कुछ घंटे पहले ही महिला सिपाही का अपहरण, बरामदगी के लिए पुलिस और STF की टीमें गठित

Meerut News: मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी से कुछ घंटे पहले महिला सिपाही का अपहरण कर लिया गया। अपहरण का आरोप मेरठ के मवाना क्षेत्र के गांव ढिकोली निवासी बदमाश अंकित पर लगाया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

बरात आने से पहले हुई वारदात

जानकारी के अनुसार शनिवार रात गांव अकबरपुर सादात में महिला सिपाही की बरात आनी थी। बरात आने से कुछ घंटे पहले ही शाम के समय आरोपी अंकित ढिकोली दुल्हन को उठाकर ले गया। इस घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने तुरंत थाना पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

बरामदगी के लिए दो पुलिस टीम और STF तैनात

पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सिपाही की सकुशल बरामदगी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही स्पेशल टास्क फोर्स को भी महिला सिपाही की बरामदगी के लिए लगाया गया है।

बताया गया कि महिला सिपाही की बरात मेरठ के गांव ढिकोली से आनी थी। होने वाला दूल्हा भी मुजफ्फरनगर के थाने में महिला सिपाही के साथ कांस्टेबल के पद पर तैनात है। महिला सिपाही 2020 बैच की कांस्टेबल बताई जा रही है।

संवेदनशील मामले में पुलिस ने रखी गोपनीयता

फिलहाल इस संवेदनशील मामले को पुलिस द्वारा गोपनीय रखा जा रहा है ताकि अपहरणकर्ता को पकड़ने और महिला सिपाही को सुरक्षित छुड़ाने की कार्रवाई में कोई बाधा न आए। मामले की पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

 

Also Read: Rampur News: नकली नोट असली करने का झांसा देकर तांत्रिक ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.