UP: सरयू नदी में मिला लापता दरोगा का शव, वर्दी पहने हालत में उतराती मिली लाश, जांच में जुटी
Sandesh Wahak Digital Desk: बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए उपनिरीक्षक (SI) अजय गौड़ का शव रविवार को अयोध्या सीमा पर सरयू नदी में बरामद हुआ। वर्दी पहने हुए दरोगा का शव अयोध्या कोतवाली के तिहुरा मांझा से सटे इलाके में नदी में उतराता हुआ मिला, जिसे देखकर स्थानीय मल्लाह ने पुलिस को सूचना दी।
कुआनो नदी के पास मिली थी लावारिस बाइक
मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी अजय गौड़ बस्ती के परशुरामपुर थाने में तैनात थे। घटना वाले दिन थाना प्रभारी के अवकाश पर होने के कारण वे कार्यवाहक प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बीते शुक्रवार को उनकी मोटरसाइकिल कुआनो नदी के अमहट पुल के पास लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद से ही SDRF और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं।
सीमा विवाद और आधिकारिक उपस्थिति
शव मिलने के स्थान को लेकर बस्ती और अयोध्या पुलिस के बीच सीमा स्पष्ट की जा रही है। अयोध्या पुलिस के अनुसार, शव जिस क्षेत्र में मिला है वह बस्ती जिले के विक्रमजोत क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही अयोध्या के सीओ आशुतोष तिवारी और बस्ती के एसपी सिटी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
मानसिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय गौड़ के मानसिक तनाव में होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनके भाई एक प्रशासनिक अधिकारी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
Also Read: UP विधानभवन की सुरक्षा चाक-चौबंद, लखनऊ में अभेद्य घेरा, 4 जोन और 10 सेक्टर में बंटा इलाका

