कैसरगंज में हज यात्रियों के लिए प्रशिक्षण और टीकाकरण शिविर, युसुफ अली सोनू ने किया उद्घाटन
कैसरगंज (बहराइच): हज यात्रा 2026 की तैयारी कर रहे जायरीनों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए मदरसा अल-जामियतुन नूरिया ऐनी में एक भव्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नगर पंचायत कैसरगंज के अध्यक्ष युसुफ अली सोनू ने फीता काटकर किया।

विशेषज्ञ टीम ने किया 30 यात्रियों का टीकाकरण
हज यात्रा पर जाने से पूर्व स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बहराइच से डॉ. मकबूल हैदर जाफरी के नेतृत्व में आई मेडिकल टीम ने शिविर में हिस्सा लिया। टीम ने कुल 30 हज यात्रियों का अनिवार्य टीकाकरण किया और उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई। साथ ही, विदेश यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का ख्याल रखने के जरूरी टिप्स भी साझा किए।
अरकानों का व्यावहारिक प्रशिक्षण
हज ट्रेनर मोहम्मद एहसानुर्रहमान ने यात्रियों को हज और उमरा की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने तवाफ, सई, मिना, मुज्दलिफा और अराफात के मैदान में रुकने (वुकूफ) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जोर दिया कि हर अमल को सुन्नत के अनुसार सही तरीके से अदा करना ही हज की रूह है।

मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना सुभान रज़ा और मौलाना शम्सुद्दीन ने हाजियों को संबोधित करते हुए सब्र और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। मौलाना शम्सुद्दीन ने भावुक अपील करते हुए कहा कि, “जब आप हरम शरीफ की मुक़द्दस सरज़मीन पर कदम रखें, तो हिंदुस्तान की तरक्की, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ करें।”
इस मौके पर कैंप आयोजक हाजी शब्बीर कादरी, मदरसा नूरिया के प्रबंधक शम्सुद्दीन बरकाती, हाजी इरशाद अली, हाजी राशिद अमीन, हाजी नब्बन, कोषाध्यक्ष अब्दुल नबी सैफी, मौलाना रिज़वान, कारी अरशद रज़ा, कारी सद्दाम हुसैन, मास्टर जव्वाद, शमीम खान, हाफ़िज़ पीर मोहम्मद, डॉ. मिज्जन अली, शहंशाह, महबूब सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Also Read: ‘मैं आ रहा हूं…’, अकबरुद्दीन ओवैसी ने दी सीधी चुनौती, यूपी में AIMIM के विस्तार का ऐलान

