Meerut News: कमरे में फंदे पर झूलता रहा पिता, बाहर दरवाजे से सटकर बैठा रहा 2 साल का मासूम
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के सिविल लाइन क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। विजयनगर इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय रजनीश सैनी ने सोमवार को अपने घर के स्टोर रूम में फांसी लगाकर जान दे दी। लेकिन इस दुखद घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू वह 2 साल का मासूम बच्चा था, जो बंद दरवाजे के बाहर अपनी नन्हीं समझ के साथ घंटों पिता के बाहर आने का इंतजार करता रहा।
जानकारी के मुताबिक, रजनीश अपनी पत्नी बबीता और 2 साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रहते थे। बबीता एक कॉलेज में सहायक शिक्षिका हैं और फिलहाल अपनी चाइल्ड केयर लीव पर चल रही हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह किसी निजी काम से बैंक गई हुई थीं। घर पर रजनीश अपने बेटे के साथ अकेले थे। जैसे ही पत्नी घर से निकली, रजनीश ने स्टोर रूम में जाकर बिजली के तार का फंदा बनाया और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
काफी देर बाद जब बबीता बैंक से लौटीं, तो उन्होंने रजनीश को फोन किया। फोन न उठने पर उन्हें चिंता हुई। घर पहुँचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा कमरे की चौखट से सटा हुआ बैठा था। बबीता ने पति को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उन्होंने स्टोर रूम का दरवाजा बंद पाया, तो घबराहट में पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का मंजर देख बबीता चीख पड़ीं, उनके पति का शव फंदे से लटका हुआ था।
Also Read: मथुरा: एक ही परिवार के 5 लोगों ने दी जान, पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव मिलने से हड़कंप

