नोएडा में हजारों परिवारों ने किया बिजली दफ्तर पर घेराव, सुखबीर खलीफा बोले- अब लखनऊ-दिल्ली तक होगा आंदोलन

Noida News: राजधानी से सटे नोएडा के सेक्टर-16 स्थित बिजली विभाग के दफ्तर में आज भारी गहमागहमी का माहौल है। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले सैकड़ों किसानों और डूब क्षेत्र के निवासियों ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी बिजली दफ्तर का घेराव कर धरने पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि डूब क्षेत्र में रहने वाले लाखों परिवारों को तुरंत बिजली कनेक्शन दिए जाएं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे वर्षों से बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सुखबीर खलीफा ने मीडिया से बातचीत में अपना दर्द साझा करते हुए कहा, डूब क्षेत्र में करीब 2 लाख मजदूर रहते हैं। उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक नसीब नहीं हैं। सबसे बड़ी समस्या पानी की है, और आप भी जानते हैं कि जब तक बिजली नहीं आएगी, पंप नहीं चलेंगे और लोगों तक पानी कैसे पहुंचेगा?

किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग केवल आश्वासन देता है, काम नहीं करता। उन्होंने बताया, पिछली बार धरने के दौरान चीफ इंजीनियर ने माना था कि क्षेत्र में बिजली मिलनी चाहिए। एक महीना बीत जाने के बाद भी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी वादाखिलाफी से नाराज होकर आज फिर किसान और कामगार दफ्तर घेरने पहुंचे हैं।

सुखबीर खलीफा ने प्रशासन को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन चलेगा। उन्होंने कहा, जरूरत पड़ी तो हमें दिल्ली और लखनऊ का रास्ता भी पता है। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, हम पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल, पुलिस और बिजली विभाग के बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और किसानों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

Also Read: T20 World Cup 2026: टीम इंडिया में फैमिली की ‘नो एंट्री’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.