Mathura News: कचहरी में पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, तलाक विवाद के बीच हुई वारदात

Mathura News: मथुरा के कचहरी इलाके में उस समय हंगामा मच गया जब एक पति ने सरेआम अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक महिला तलाक की अर्जी लेकर कोर्ट पहुंची थी, लेकिन कोर्ट से बाहर निकलते ही पति ने पत्थर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में महिला का सिर फूट गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो साल से चल रहा था तलाक विवाद

जानकारी के अनुसार मगोर्रा क्षेत्र के रहने वाले सुनील कुमार का अपनी पत्नी निधि के साथ पिछले दो साल से तलाक का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों सोमवार को कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे थे। कोर्ट की कार्यवाही खत्म होने के बाद दोनों बाहर फुटपाथ पर बैठकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

पत्थर से हमला कर किया लहूलुहान

आरोप है कि बहस के दौरान सुनील ने निधि को धक्का देकर गिरा दिया और उसके बाद लात घूंसों से मारपीट करने लगा। इसके बाद उसने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर पत्नी पर हमला करना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है।

हमले के दौरान निधि दर्द से चीखती रही और आरोपी उसे फुटपाथ पर गिराकर मारता रहा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह महिला को बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहा था विवाद

बताया गया है कि सुनील और निधि की शादी साल 2014 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं जिनमें 10 साल का बेटा यश और 7 साल की बेटी हर्षिता शामिल हैं। दोनों के बीच बच्चों की कस्टडी को लेकर भी विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी सुनील की तलाश की जा रही है।

 

Also Read: संभल हिंसा मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से पूर्व CO अनुज चौधरी को बड़ी राहत, पुलिसवालों पर FIR के आदेश पर लगी रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.