लगभग 15 साल बाद आने जा रहा Zindagi Na Milegi Dobara का सीक्वल
Sandesh Wahak Digital Desk: 15 जुलाई 2011 को रिलीज हुई फिल्म Zindagi Na Milegi Dobara अपने सीक्वल को लेकर लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। जोया अख्तर के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी। फिल्म में ऋतिक रोशन, कटरीना कैफ, फरहान अख्तर, कल्कि कोचलिन और अभय देओल जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। अब लगभग 15 साल बाद इस फिल्म के सीक्वल को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है, जिससे फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
जोया अख्तर ने सीक्वल की शुरू की तैयारी
कई सालों बाद फिल्ममेकर जोया अख्तर ने Zindagi Na Milegi Dobara के सीक्वल पर काम शुरू कर दिया है। कहा जा रहा है कि उन्होंने फिल्म के अगले पार्ट के लिए स्क्रिप्ट का पहला ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया है। इस खबर के सामने आने के बाद फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं और अब फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार Zindagi Na Milegi Dobara 2 में पहले पार्ट के तीनों मुख्य किरदारों को फिर से दिखाया जा सकता है। यानी फिल्म में एक बार फिर ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल साथ नजर आ सकते हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि तीनों कलाकारों के साथ बातचीत चल रही है और मेकर्स ओरिजिनल तिकड़ी को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं।
नई कहानी के साथ आगे बढ़ेगी Zindagi Na Milegi Dobara
रिपोर्ट के अनुसार जोया अख्तर तभी सीक्वल बनाना चाहती थीं जब उसमें कुछ नया दिखाने को हो। बताया जा रहा है कि यह कहानी सिर्फ पुरानी यादों को दोहराने वाली नहीं होगी, बल्कि इसमें बीते समय और तीनों किरदारों की जिंदगी में आए बदलावों को दिखाया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टाइमलाइन से संकेत मिलता है कि फिल्म (Zindagi Na Milegi Dobara) का सीक्वल इस साल के आखिर तक आ सकता है। बताया जा रहा है कि पहले जोया अख्तर के बैनर तले बन रही ‘दहाड़ 2’ की शूटिंग पूरी की जाएगी और इसके बाद ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ पर काम आगे बढ़ेगा।

