बायो-डीजल के नाम पर बिक रहा था ‘जहरीला’ पेट्रोल-डीजल, UP STF ने 2 मास्टरमाइंड को दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा इकाई ने मैनपुरी में छापेमारी कर मिलावटी और नकली ईंधन बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो बायो-डीजल बेचने के बहाने ग्रामीणों को केमिकल युक्त घटिया तेल बेच रहे थे।
केमिकल मिलाकर बना रहे थे ‘मौत का ईंधन’
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा के ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से संचालित पेट्रोल पंपों पर मिलावटी तेल बेचा जा रहा है। इससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि ग्रामीणों की गाड़ियां भी रास्ते में दम तोड़ रही थीं। सोमवार रात एसटीएफ, खाद्य विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से मैनपुरी के सलेमपुर में स्थित ‘IBP फिलिंग स्टेशन’ पर छापा मारा।

गिरफ्तार अभियुक्तों का कच्चा चिट्ठा
राधे श्याम (फिरोजाबाद): यह इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड है। इसने दिल्ली में फर्जी पते पर ‘अंचन पेट्रोलियम’ नाम की कंपनी बनाई थी। यह लोगों को फर्जी लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) और परमिशन दिलाकर पेट्रोल पंप खुलवाने के नाम पर लाखों रुपये वसूलता था। अब तक इसने करीब एक दर्जन लोगों को ठगा है।
अंकित यादव (मैनपुरी): यह स्नातक पास है और बिना किसी सरकारी अनुमति (UP NEDA) के फर्जी पंप चला रहा था। इसने स्वीकार किया कि वह पहले अलीगढ़ और अब हरियाणा की केमिकल कंपनियों से घटिया तेल मंगाकर उसमें मिलावट करता था।

बड़ी बरामदगी और सीलिंग
टीम ने मौके से 4,000 लीटर मिलावटी पेट्रोल और 4,000 लीटर मिलावटी डीजल जब्त किया गया है। इसके साथ ही सलेमपुर स्थित आईबीपी फिलिंग स्टेशन और चन्दई कुरावली स्थित जस्सी फिलिंग स्टेशन को प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया है। भारी मात्रा में जाली आधार कार्ड, पैन कार्ड और कंपनियों के फर्जी आवंटन पत्र बरामद हुए हैं।
जांच में पता चला कि आरोपी खुद को बायो-डीजल बनाने वाली रजिस्टर्ड कंपनियां बताते थे, जबकि सच्चाई यह थी कि उनके पास न तो ‘यूपी नेडा’ (UP NEDA) का पंजीकरण था और न ही जिला प्रशासन की एनओसी। वे केमिकल बेचने वालों से सांठगांठ कर ग्रामीण इलाकों में अपनी दुकानें सजा लेते थे, जहाँ नियम-कायदों की निगरानी कम होती है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तेल माफियाओं में हड़कंप मच गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरावली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
Also Read: AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के “हम दो, हमारे दो दर्जन” बयान पर छिड़ा सियासी संग्राम, तेज हुई बयानबाजी

