यूपी बजट को अखिलेश ने बताया विदाई बजट तो शिवपाल बोले- विज्ञापन में दौड़ रहा विकास
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। योगी सरकार के इस कार्यकाल के आखिरी पूर्ण बजट को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार को जमकर घेरा।
शिवपाल का तंज, सपनों का अमृत पिला रही सरकार
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने बजट को कागजी बताते हुए कहा कि सरकार जनता को केवल सुनहरे सपने दिखा रही है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, यूपी की जनता को एक बार फिर सपनों का अमृत पिलाया गया है। विकास केवल विज्ञापनों में दौड़ रहा है, जबकि हकीकत की सड़कों पर गड्ढे आज भी अपनी गिनती का इंतजार कर रहे हैं। बेरोजगारों की डिग्रियां अलमारी में बंद हैं और सरकार का डेटा फाइलों में मुस्कुरा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि किसान कर्ज में डूबा है और नौजवान निराश है, अब जुमलों का बजट जनता स्वीकार नहीं करेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह यूपी सरकार का विदाई बजट है और इसके साथ ही भाजपा की प्रदेश से विदाई तय है। विपक्ष का मानना है कि बजट में किए गए वादे केवल चुनावी लाभ लेने के लिए हैं। दूसरी ओर, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार राजकोषीय प्रबंधन और ऋण नियंत्रण (Debt Control) के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

