Mau News: पार्सल अधीक्षक ने आरपीएफ जवान को दी आंख निकालने की धमकी
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब पार्सल कार्यालय में तैनात अधीक्षक राजेश सिंह और छत्तीसगढ़ में तैनात आरपीएफ सिपाही अमित कुमार यादव के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में अधीक्षक साहब अपनी पहचान बताते हुए भोजपुरी अंदाज़ में जवान को धमकाते नज़र आ रहे हैं।
घटना 7 फरवरी की बताई जा रही है। मऊ के घोसी के रहने वाले सिपाही अमित यादव अपने साथियों के साथ फ्रिज, वॉशिंग मशीन और घर का अन्य सामान अपने कार्यस्थल (छत्तीसगढ़) भेजने के लिए पार्सल कार्यालय पहुंचे थे। वहां सामान की पैकिंग और बुकिंग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि अमित के साथियों ने अपने फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
इहां रंगदारी चलत बा बाबू….
दे वर थ्री पीपुल दे विल टॉक लाइक दिस… (स्पेन वाले शुक्ला जी)
मेन एक्टर- राजेश सिंह
स्थान- मऊ pic.twitter.com/EUIzrtyp0u— AbhinavYadav (@Ydabhinav66) February 11, 2026
भोजपुरी में धमकी और अधीक्षक का पक्ष
वीडियो में पार्सल अधीक्षक राजेश सिंह गुस्से में कहते दिख रहे हैं। राजेश सिंह नाम है, पार्सल अधीक्षक मऊ। अंखिया निकाल लेब तोहार। जानत नाहीं हअव केसे बात करत हवअ। हालांकि, मामले पर सफाई देते हुए अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया, सिपाही अमित कम पैसे में और बिना उचित पैकिंग के सामान भेजने का दबाव बना रहे थे। अधीक्षक का दावा है कि उन्होंने 30 साल की सर्विस में कभी ऐसा नहीं किया, लेकिन जब जवान ने गाली-गलौज शुरू की, तो वे आपा खो बैठे। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो आधा-अधूरा है।
पुलिस और आरपीएफ का रुख
मऊ के आरपीएफ इंचार्ज एके सिंह का कहना है कि यह पूरा मामला उनके संज्ञान में है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Rampur News: वरिष्ठ अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, जिला पंचायत का बाबू बना ‘कातिल’

