Rampur News: वरिष्ठ अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, जिला पंचायत का बाबू बना ‘कातिल’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला पंचायत परिसर में एक वरिष्ठ अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। कलेक्ट्रेट के जाने-माने वकील फारूक खान को मौत के घाट उतारने का आरोप जिला पंचायत कार्यालय में ही तैनात एक बाबू पर लगा है। इस जानलेवा हमले में अधिवक्ता की पत्नी भी जख्मी हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दफ्तर के भीतर खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, फारूक खान रामपुर कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ वकील थे। उनकी पत्नी जिला पंचायत कार्यालय में काम करती हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को किसी बात को लेकर दफ्तर के बाबू और फारूक खान के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान बाबू ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से फारूक खान लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश
जैसे ही फारूक खान की हत्या की खबर जिला कोर्ट पहुंची, वहां वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपी बाबू की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। माहौल बिगड़ते देख कलेक्ट्रेट और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी बाबू की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल हत्या की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।

