मेरठ में मेट्रो का इंतजार जल्द होगा खत्म! इसी हफ्ते आ सकते हैं पीएम मोदी, तैयारियां शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: क्रांतिधरा मेरठ के लिए आने वाला एक हफ्ता ऐतिहासिक होने जा रहा है। लंबे समय से चल रहा मेट्रो और नमो भारत (रैपिड रेल) ट्रेन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 या 18 फरवरी को मेरठ आ सकते हैं और खुद मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित कर सकते हैं।
पीएम मोदी खुद कर सकते हैं मेट्रो का सफर
प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री न केवल मेट्रो का उद्घाटन करेंगे, बल्कि वह खुद इसमें सफर करके सुविधाओं का जायजा भी ले सकते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां और एनसीआरटीसी (NCRTC) के अधिकारी पूरे कॉरिडोर की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मोहिउद्दीनपुर में उसी जगह का दौरा किया, जहां हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा हुई थी। अब इसी मैदान को पीएम के कार्यक्रम के लिए संवारा जा रहा है। जेसीबी से जमीन को समतल करने का काम शुरू हो गया है, और बिजली विभाग के साथ पीडब्ल्यूडी की टीमें भी दिन-रात काम में जुट गई हैं।
क्यों खास है यह मेट्रो प्रोजेक्ट?
82 किमी का कॉरिडोर: दिल्ली से मोदीपुरम तक का यह पूरा सफर अब आसान हो जाएगा।
मेरठ साउथ से मोदीपुरम: पिछले 6 महीनों से इस 27 किमी के हिस्से पर मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का ट्रायल चल रहा है।
शहर का अपना ट्रांसपोर्ट: मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक मेट्रो चलने से शहर के भीतर का ट्रैफिक लोड काफी कम हो जाएगा।
संसद से सड़क तक उठी थी मांग
मेरठ की जनता के साथ-साथ राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भी संसद में मेट्रो संचालन की पुरजोर मांग उठाई थी। अब जब पीएमओ (PMO) ने इस पर कदम बढ़ा दिए हैं, तो मेरठ वासियों का उत्साह सातवें आसमान पर है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक सटीक तारीख का औपचारिक एलान नहीं किया है, लेकिन 16 से 18 फरवरी के बीच किसी भी दिन उद्घाटन की प्रबल संभावना है।

