India-US Trade Deal: SBI ने बताया कितना होगा फायदा, 90 अरब डॉलर पार कर सकता है ट्रेड सरप्लस

India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका के बीच हुई ताजा ट्रेड डील को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने एक रिपोर्ट जारी की है. इसमें दावा किया गया है कि इस सौदे से भारत को जबरदस्त आर्थिक फायदा हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के साथ भारत का व्यापार अधिशेष (ट्रेड सरप्लस) 90 अरब डॉलर के पार जा सकता है.

क्यों बढ़ेगा भारत का एक्सपोर्ट?

दरअसल, अमेरिका ने हाल ही में कई भारतीय उत्पादों पर टैरिफ में बड़ी कटौती की है. इसका सीधा फायदा भारतीय निर्यातकों को मिलेगा. एसबीआई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के टॉप 15 प्रोडक्ट्स का निर्यात अब सालाना 97 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. यह आंकड़ा 100 अरब डॉलर को भी छू सकता है. यानी अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की एंट्री पहले से ज्यादा आसान हो गई है.

India-US Trade Deal: SBI ने बताया कितना होगा फायदा, 90 अरब डॉलर पार कर सकता है ट्रेड सरप्लस

कितना बढ़ा ट्रेड सरप्लस?

आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025 में भारत का अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष 40 अरब डॉलर था. वित्त वर्ष 2026 की अप्रैल-दिसंबर अवधि में यह 26 अरब डॉलर रहा. अब अनुमान है कि सालाना आधार पर यह बढ़कर 90 अरब डॉलर से ज्यादा हो जाएगा. यह भारत की जीडीपी का करीब 1.1 फीसदी है.

कहां है भारत का दबदबा?

फिलहाल भारत अपना कुल निर्यात का करीब 20 फीसदी सामान अमेरिका भेजता है, जबकि वहां से सिर्फ 7 फीसदी का आयात करता है. सेवा क्षेत्र में भी अमेरिका की हिस्सेदारी 15 फीसदी के आसपास है. यानी भारतीय बाजार में अमेरिकी प्रोडक्ट्स की मौजूदगी कम है, लेकिन अमेरिका में भारतीय उत्पादों की अच्छी पकड़ है.

अमेरिका को भी मिलेगा फायदा?

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत ने अगले पांच सालों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर के सामान खरीदने का वादा किया है. ऐसे में अमेरिका से सालाना करीब 50 अरब डॉलर का निर्यात भारत आ सकता है. इसमें सेवा क्षेत्र शामिल नहीं है. अगर टैरिफ में और छूट मिलती है, तो कृषि समेत दूसरे उत्पादों का आयात बढ़कर 55 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है.

क्या कहती है रिपोर्ट?

एसबीआई की यह रिपोर्ट साफ करती है कि भारत-अमेरिका के बीच यह ट्रेड डील न सिर्फ निर्यात बढ़ाने वाली है, बल्कि इससे भारत का ट्रेड सरप्लस रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है. जीडीपी पर भी इसका पॉजिटिव असर देखने को मिलेगा. यानी कुल मिलाकर भारत के लिए यह डील किसी गेम चेंजर से कम नहीं.

Get real time updates directly on you device, subscribe now.