रूस में व्हाट्सएप पर लगा बैन, रूसी सरकारी ऐप मैक्स इस्तेमाल करने की दी सलाह

Sandesh Wahak Digital Desk: रूस ने अपने देश की सीमाओं के भीतर व्हाट्सएप को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है। क्रेमलिन ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा है कि यह कदम घरेलू ऐप्स को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। रूसी अधिकारियों ने अब जनता से व्हाट्सएप छोड़कर रूस के नए सरकारी प्लेटफॉर्म ‘मैक्स’ (MAX) को अपनाने की अपील की है।

व्हाट्सएप की मूल कंपनी मेटा ने रूस के इस कदम की कड़ी निंदा की है। मेटा के प्रवक्ता ने बुधवार देर रात जारी एक बयान में गंभीर आरोप लगाए। मेटा का दावा है कि रूस व्हाट्सएप को इसलिए ब्लॉक कर रहा है ताकि वह अपने 10 करोड़ से अधिक यूजर्स को सरकारी ‘निगरानी ऐप’ (MAX) पर ले जा सके। व्हाट्सएप ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और निजी मैसेजिंग से दूर करना उन्हें असुरक्षित बनाने जैसा है। कंपनी ने वादा किया कि वे अपने यूजर्स को जोड़े रखने के लिए हर संभव तकनीकी प्रयास करते रहेंगे।

रूसी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने साफ कर दिया है कि मेटा को रूस में दोबारा काम करने के लिए देश के कड़े कानूनों का पालन करना होगा। रूस पहले ही एक्स (Twitter), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पाबंदी लगा चुका है।

क्या है रूसी ऐप मैक्स (MAX)

रूस अब अपने नए ऐप ‘मैक्स’ को एक ‘सुपर ऐप’ के तौर पर पेश कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि इसमें मैसेजिंग के साथ-साथ ऑनलाइन सरकारी सेवाएं और पेमेंट की सुविधा भी मिलेगी। हालांकि, डेवलपर्स ने स्वीकार किया है कि यदि प्रशासन यूजर डेटा मांगेगा, तो वे इसे उपलब्ध कराएंगे। यही वजह है कि व्हाट्सएप इसे ‘सरकारी सर्विलांस ऐप’ कह रहा है।

Also Read: अलीगढ़ में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 2.5 करोड़ का गांजा बरामद, ओडिशा से जुड़े तस्करी के तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.