अलीगढ़ में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 2.5 करोड़ का गांजा बरामद, ओडिशा से जुड़े तस्करी के तार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी में नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अलीगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आगरा यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने करोड़ों के गांजे की खेप के साथ एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की आगरा यूनिट ने अलीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इगलास क्षेत्र के ग्राम सिकुर्रा में छापेमारी कर करीब 490 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ट्रैक्टर और कारों का जखीरा बरामद

गिरफ्तारी के साथ-साथ पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का एक बड़ा काफिला भी जब्त किया है।

नशीला पदार्थ: 490.745 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹2.5 करोड़)।

वाहन: 1 स्वराज ट्रैक्टर, 1 वैगन-आर कार और 3 मोटरसाइकिलें।

अन्य: 1 मोबाइल फोन।

ओडिशा से यूपी तक फैला था जाल

पकड़े गए तस्कर की पहचान पुष्पेंद्र (पुत्र बच्चू सिंह) निवासी सिकुर्रा, इगलास के रूप में हुई है। पूछताछ में पुष्पेंद्र ने तस्करी के पूरे ‘बिजनेस मॉडल’ का खुलासा किया। उसने बताया कि गिरोह से जुड़े लोग ओडिशा से बेहद सस्ते दामों पर गांजा लाता था और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में महंगे दामों पर सप्लाई करता था। तस्करी से होने वाले भारी मुनाफे को ये लोग आपस में बांट लेते थे और उससे अवैध रूप से बेनामी संपत्तियां खरीदते थे। आरोपी ने कुबूल किया कि वह और उसके साथी पिछले कई सालों से इस काले कारोबार में लिप्त हैं।

नेटवर्क के अन्य साथी

ANTF अब इस मामले में ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ पर काम कर रही है। यानी यह पता लगाया जा रहा है कि ओडिशा में उन्हें यह माल कौन देता था और यूपी में वे इसे किन-किन लोगों को बेचते थे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, थाना इगलास में पुष्पेंद्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Also Read: UP ANTF Raid: मेरठ में बरेली के 3 अफीम तस्कर गिरफ्तार, 16 लाख की खेप बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.