पॉलीग्राफ टेस्ट के खौफ से खुले दो कत्ल के राज, बरेली पुलिस ने पकड़े दो शातिर हत्यारे

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो अभियुक्तों, सलीम हुसैन और आसिम उर्फ डॉ. बंगाली, को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से न केवल एक साल पहले लापता हुई नाबालिग लड़की की हत्या का खुलासा हुआ, बल्कि 9 साल पुराने एक अन्य कत्ल का राज भी फाश हो गया।

केस 1: नाबालिग की हत्या और डीएनए का खेल

जनवरी 2025 में क्योलड़िया निवासी अजीज अहमद की 16 वर्षीय बेटी लापता हो गई थी। पुलिस ने काफी तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा तो पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। सितंबर 2025 में एक गन्ने के खेत से चोटी, कुछ हड्डियां और कपड़े मिले। शक होने पर पुलिस ने लड़की के माता-पिता का DNA टेस्ट कराया, जो उन अवशेषों से मेल खा गया।

पॉलीग्राफ टेस्ट का डर और खुलासे की शुरुआत

संदेह के आधार पर गांव के ही सलीम हुसैन को घेरा गया। पुलिस ने जब सलीम का पॉलीग्राफ टेस्ट (झूठ पकड़ने वाली मशीन) कराने के लिए कोर्ट से अनुमति लेकर उसे दिल्ली चलने का नोटिस दिया, तो वह डर के मारे फरार हो गया। सलीम सीधे अपने गुरु ‘डॉ. बंगाली’ के पास पहुंचा। बंगाली ने उसे डरा दिया कि टेस्ट में नशीला इंजेक्शन लगाकर सब सच उगलवा लिया जाता है। इसी डर में सलीम ने अपने परिवार के सामने सच उगलना शुरू कर दिया, जो पुलिस तक पहुँच गया।

केस 2: डॉ. बंगाली की पत्नी का ‘गायब’ होना

विवेचना के दौरान पता चला कि सलीम, ग्राम भौआ बाजार में क्लीनिक चलाने वाले डॉ. बंगाली (मूल निवासी कोलकाता) के पास काम सीखता था। जांच में सामने आया कि डॉ. बंगाली की पत्नी रजनी भी साल 2017 से लापता थी। पूछताछ में दोनों ने जो बताया वह रोंगटे खड़े करने वाला था।

पूछताछ में कबूला खौफनाक सच

  • सलीम का जुर्म: सलीम ने बताया कि उसने अजीज अहमद की बेटी को शादी का झांसा देकर बुलाया था। जब वह घर जाने को राजी नहीं हुई और दूर ले जाने की जिद्द करने लगी, तो पकड़े जाने के डर से उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। पहचान छुपाने के लिए उसने सिर की खोपड़ी नदी में बहा दी थी।

  • डॉ. बंगाली का जुर्म: डॉ. बंगाली ने कबूला कि 2017 में उसने अपनी पत्नी रजनी के चरित्र पर शक होने के कारण सलीम के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। दोनों ने उसे शराब पिलाई और फिर कैलाश नदी के किनारे गला दबाकर मार डाला और वहीं गड्ढा खोदकर दबा दिया था।

कलकत्ता भागने की फिराक में थे दोनों

बुधवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर भौआ बाजार के पास बौरिया कट से दोनों को गिरफ्तार किया। वे वहाँ किसी से पैसे मिलने का इंतजार कर रहे थे ताकि पश्चिम बंगाल भाग सकें।

अभियुक्तों का विवरण और आपराधिक इतिहास

नाम पता उम्र आपराधिक रिकॉर्ड
सलीम हुसैन ग्राम सतवन पट्टी, क्योलड़िया 22 वर्ष हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के 5 मामले
आसिम (डॉ. बंगाली) ग्राम पडोली, भुता (मूल-कोलकाता) 45 वर्ष बलात्कार, पॉक्सो एक्ट और हत्या के 2 मामले

 

Also Read: आगरा में 12 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कई जिलों में करते थे सप्लाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.