वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में 18 धमाकों का जिक्र

Varanasi News: धर्मनगरी वाराणसी में शुक्रवार की सुबह किसी सामान्य दिन की तरह शुरू हुई थी, लेकिन जिला जज के इनबॉक्स में आए एक ईमेल ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हिलाकर रख दिया। इस ईमेल में दोपहर 1 बजे तक वाराणसी कचहरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट और उत्तर प्रदेश के कई अन्य न्यायालयों को सिलसिलेवार 18 बम धमाकों से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) कचहरी पहुँच गया। आनन-फानन में अधिवक्ताओं और वादकारियों को परिसर से बाहर निकाला गया। इसी बीच एक लावारिस अटैची मिलने से दहशत और बढ़ गई, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत अपने घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट के कार्यालयों को भी खाली करा लिया गया है।

धमकी देने वाले का तमिलनाडु कनेक्शन

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मेल तमिलनाडु के रहने वाले सुनिया डासन नामक व्यक्ति ने भेजा है। मेल में केवल धमाके की बात नहीं है, बल्कि तमिलनाडु सरकार और मीडिया के गठजोड़ को लेकर बेहद घिनौने आरोप लगाए गए हैं।

पत्रकारों पर गंभीर आरोप: ईमेल में दावा किया गया है कि सरकार पत्रकारों को ‘हायर’ कर रही है और उनके लिए नाबालिग लड़कियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नामों का खुलासा: आरोपी ने बकायदा 8 चर्चित जर्नलिस्टों, एक विश्वविद्यालय प्रोफेसर और कुछ स्थानीय बदमाशों के नामों का जिक्र करते हुए उन्हें इस पूरे मामले में संलिप्त बताया है।

सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

वाराणसी के साथ-साथ प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल के आईपी एड्रेस और सुनिया डासन की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि यह किसी शरारती तत्व या विक्षिप्त व्यक्ति की हरकत भी हो सकती है, लेकिन आरोपों की प्रकृति और धमाकों की धमकी को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली जा रही है।

Also Read: Hardoi News: पांच लाख रुपये लेकर घर से निकले गेस्ट हाउस संचालक की हत्या, ऑनलाइन गेम और जुए से जुड़ रहे तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.