UP विधानसभा में हाई वोल्टेज ड्रामा, BJP विधायक की टोका-टाकी पर भड़के स्पीकर सतीश महाना, हेडफोन फेंक सदन से बाहर निकले

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का पांचवां दिन काफी गहमागहमी भरा रहा। सदन में कार्यवाही के दौरान अनुशासनहीनता और बार-बार होने वाले हस्तक्षेप से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना इतने नाराज हो गए कि उन्होंने अपना हेडफोन उतारकर फेंक दिया और कार्यवाही स्थगित कर सदन से बाहर चले गए।

सदन में लोकसेवा आयोग (UPPSC) की भर्तियों को लेकर तीखी बहस चल रही थी। सपा विधायक रागिनी सोनकर के सवाल पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना जवाब दे रहे थे। इसी बीच अध्यक्ष ने सपा के ही कमाल अख्तर को बोलने का मौका दिया। लेकिन तभी सदन में शोरगुल और टोका-टाकी शुरू हो गई।

शोर-शराबे के बीच बलिया की बांसडीह सीट से भाजपा विधायक केतकी सिंह अपनी बात रखने के लिए खड़ी हो गईं। अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें कई बार बैठने का निर्देश दिया और याद दिलाया कि सदन नियमों से चलता है। बार-बार मना करने के बावजूद जब सदन शांत नहीं हुआ, तो स्पीकर का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने गुस्से में हेडफोन उतारकर मेज पर फेंका और 10 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर अपनी कुर्सी से उठकर चले गए।

शायरी से पिघली बर्फ

अध्यक्ष के नाराज होकर जाने के बाद सदन में सन्नाटा पसर गया। सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम दिग्गज उन्हें मनाने की कोशिशों में जुट गए। करीब 10-15 मिनट बाद जब सतीश महाना वापस लौटे, तो सदन का माहौल सामान्य करने की कोशिश की गई।

सुरेश खन्ना की शायरी: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मुस्कुराते हुए शायरी पढ़ी, जिससे माहौल थोड़ा हल्का हुआ।

आराधना मिश्रा की गुजारिश: कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने चुटकी लेते हुए कहा कि अध्यक्ष जी, जब आप मुस्कुराते हैं तो सदन का माहौल सकारात्मक रहता है।

Also Read: वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में 18 धमाकों का जिक्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.