सेवातीर्थ से सेवा का संकल्प, पीएम मोदी ने एक साथ दी कई बड़ी सौगातें
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नवनिर्मित अत्याधुनिक परिसर सेवातीर्थ का उद्घाटन किया। यह नया परिसर अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय का ठिकाना होगा। उद्घाटन के तुरंत बाद पीएम मोदी ने सेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कई जनहितकारी योजनाओं की फाइलों पर मुहर लगा दी।
PM राहत योजना: अब दुर्घटना होने पर इलाज की चिंता नहीं
हादसों का शिकार होने वाले लोगों के लिए पीएम ने ‘PM राहत योजना’ की शुरुआत को मंजूरी दी है। यह हर नागरिक के लिए एक जीवन रक्षक सुरक्षा कवच साबित होगी।
फायदा: दुर्घटना होने पर पीड़ित को बिना कैश दिए (कैशलेस) इलाज मिलेगा।
सीमा: इसके तहत 1.5 लाख रुपये तक के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पैसे या इलाज के अभाव में किसी भी घायल की जान न जाए।
लखपति दीदी: 6 करोड़ महिलाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य
महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने अपनी रफ्तार दोगुनी कर दी है।
सरकार ने 3 करोड़ लखपति दीदियों का लक्ष्य तय समय से एक साल पहले ही (मार्च 2027 के बजाय अभी) पूरा कर लिया है।
अब पीएम मोदी ने नया लक्ष्य निर्धारित किया है, मार्च 2029 तक देश में 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का। यह लक्ष्य पहले के मुकाबले आकार और महत्वाकांक्षा में दोगुना है।
किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: कृषि बजट में भारी बढ़ोतरी
खेती-किसानी के ढांचे को मजबूत करने के लिए पीएम ने कृषि अवसंरचना कोष (Agriculture Infrastructure Fund) को दोगुना कर दिया है।
अब इस फंड को 1 लाख करोड़ से बढ़ाकर 2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। इससे कोल्ड स्टोरेज, गोदाम और आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार में मदद मिलेगी।
स्टार्टअप इंडिया 2.0: युवाओं के सपनों को नई उड़ान
देश के इनोवेशन इकोसिस्टम और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने ‘स्टार्टअप इंडिया FOF 2.0’ को मंजूरी दी है। इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है, जो शुरुआती स्तर के विचारों (Early-stage ideas) और नई तकनीकों पर काम करने वाले युवाओं की मदद करेगा।

