लखनऊ: बंथरा में रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से 6 साल के मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। हनुमान मंदिर के पास एक बेकाबू कार ने पैदल जा रहे पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 साल के मासूम दीक्षांत पटेल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खेलते-खेलते उजड़ गई खुशियां
जानकारी के मुताबिक, उन्नाव की रहने वाली साधना वर्मा अपने परिवार के साथ बंथरा में किराए पर रहती हैं। शुक्रवार को जब परिवार के लोग बाहर थे, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (UP78FQ3131) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम दीक्षांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
पुलिस की सक्रियता: 24 घंटे में दबोचा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए बंथरा पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी चालक गौरव सिंह (21 वर्ष) को ग्राम बनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गौरव मूल रूप से उन्नाव के सोहरामऊ का रहने वाला है और पढ़ाई करता है।
पूछताछ में चालक का खुलासा: ‘टायर फटने से हुआ हादसा’
पुलिस की पूछताछ में आरोपी गौरव ने बताया कि चलते समय अचानक उसकी कार का अगला टायर फट गया था, जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और राहगीरों से जा टकराई। हादसे के बाद वह इतना डर गया था कि भीड़ के डर से मौके से भाग निकला। गिरफ्तारी के समय आरोपी ने पुलिस से उलझने की कोशिश भी की, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।
घायलों का हाल
हादसे में घायल हुए चार अन्य लोगों में से एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि तीन अन्य लोगों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को अपने कब्जे में ले लिया है।

