बरेली: आंवला में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ की गूंज, जाति-पाति भूलकर एक होने का संकल्प
आंवला (बरेली): नगर के सुभाष इंटर कॉलेज मैदान में शुक्रवार को आयोजित ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ में उमड़ी भारी भीड़ ने समाज की एकजुटता का परिचय दिया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज के भीतर की दूरियों को खत्म करना, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्र की रक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करना था।
‘कोई हिंदू पतित नहीं, हम सब भाई-भाई’
ब्रजभूमि से आए क्रांतिकारी संत सत्यमित्रानंद महाराज ने अपने संबोधन से लोगों के भीतर जोश भर दिया। उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा, “हमें जाति-पाति के संकीर्ण बंधनों को तोड़ना होगा। समाज में कोई भी हिंदू छोटा या पतित नहीं है, हम सब एक ही मां की संतान और सहोदर भाई हैं। जब हम एक होंगे, तभी राष्ट्र और संस्कृति सुरक्षित रहेगी।”

RSS के शताब्दी वर्ष का गौरव
मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद संघ प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर पूरे भारत में करीब 76 हजार स्थानों पर ऐसे सम्मेलन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का हिंदू जागरूक है और अपनी विरासत व आध्यात्मिक केंद्रों के प्रति उसकी आस्था और अधिक प्रगाढ़ हुई है।
संस्कारों से सजेगी नई पीढ़ी
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ममता सिंह ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए परिवार में संस्कारों के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत राष्ट्र की नींव संस्कारी परिवारों पर ही टिकी होती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊषा सतीजा ने की।
समारोह में संघ के जिला प्रचारक अनुज पार्थ, खंड प्रचारक हेमंत ब्रजवासी, जिला कार्यवाह अभिमन्यु सहित ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, पूर्व अध्यक्ष संजीव सक्सेना और भारी संख्या में स्वयंसेवक व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह और पिंक चौकी इंचार्ज सचिन कुमार पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। कार्यक्रम का समापन बेहद शांतिपूर्ण माहौल में प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: वोटर लिस्ट से न छूटे कोई भी नाम, बरेली मंडल में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की समीक्षा

