धमतरी में ट्रक और कार की टक्कर में 3 CRPF जवानों समेत 4 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है। खपरी बायपास के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार सीआरपीएफ (CRPF) के तीन जवानों और उनके ड्राइवर सहित कुल 4 लोगों की जान चली गई है।

जानकारी के मुताबिक, कार सवार जवान बस्तर (जगदलपुर बटालियन) से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। दो अन्य घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रही है। फिलहाल मृतकों के नाम की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया चल रही है और उनके परिजनों को सूचना भेजी जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसा खपरी बायपास पर हुआ जहाँ जगदलपुर बटालियन से आ रही डिजायर कार की भिड़ंत एक ट्रक से हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर के कारणों की जांच की जा रही है।

Also Read: गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर दर्ज हो एफआईआर: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.