अमेठी: विधायक सुरेश पासी ने विधानसभा में फिर उठाया विकास और जन सुविधाओं का मुद्दा

जगदीशपुर को तहसील और बाजार शुकुल को नगर पंचायत बनाने की मांग

बाजार शुकुल (अमेठी): विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जगदीशपुर के क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने अपने क्षेत्र के विकास और जन-सुविधाओं के लिए एक अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने सदन में पुरजोर तरीके से मांग की है कि जगदीशपुर को जल्द से जल्द ‘तहसील’ का दर्जा दिया जाए और जगदीशपुर व बाजार शुकुल को ‘नगर पंचायत’ बनाया जाए।

दूरी की दुश्वारी होगी खत्म

वर्तमान में जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अपने राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए मुसाफिरखाना तहसील जाना पड़ता है। लंबी दूरी होने के कारण लोगों का काफी समय और पैसा बर्बाद होता है। विधायक सुरेश पासी ने दलील दी कि यदि जगदीशपुर में तहसील बन जाती है, तो हजारों ग्रामीणों को बड़ी सहूलियत मिलेगी और उनके काम घर के पास ही हो सकेंगे।

विकास को लगेंगे पंख

सिर्फ तहसील ही नहीं, जगदीशपुर और बाजार शुकुल को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग भी लंबे समय से चल रही है। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए अलग से बजट मिल सकेगा। साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कों जैसी सुविधाएं बेहतर होंगी। कस्बों को ‘हाईटेक’ बनाने और शहरी सुविधाएं प्रदान करने में आसानी होगी।

क्षेत्र में खुशी की लहर

विधायक द्वारा सदन में इस मुद्दे को दोबारा उठाए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद की एक नई किरण जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक की यह कोशिश रंग लाई तो जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। जनता ने विधायक सुरेश पासी के इस प्रयास की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की है।

Also Read: लखनऊ: माइलस्टोन ग्लोबल स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘प्रतिबिम्ब-4.O’ की धूम, नन्हे कलाकारों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.