यूपी बजट 2026: कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने गिनाईं बजट की खूबियां, बोले- प्रदेश बनेगा ग्लोबल ब्रांड
आंवला (बरेली): उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार के बजट की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को दुनिया के नक्शे पर एक ‘ग्लोबल ब्रांड’ के रूप में स्थापित करने वाला है। इसमें तकनीकी नवाचार (Innovation) और ग्रामीण रोजगार को सबसे ऊपर रखा गया है।
गोवंश संरक्षण और किसानों की सुरक्षा पर बड़ा दांव
किसानों की सबसे बड़ी चिंता यानी फसलों को निराश्रित पशुओं से बचाने के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है। मंत्री ने बताया कि निराश्रित पशुओं के प्रबंधन और गोवंश संरक्षण के लिए 2000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। प्रदेश में वर्तमान में 7497 आश्रय स्थल संचालित हैं, जहां लगभग 12.39 लाख गोवंश की देखभाल हो रही है। पशु अस्पतालों के बेहतर संचालन के लिए 155 करोड़ और नए आश्रय स्थलों के लिए 100 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
सफेद क्रांति और खेती को संजीवनी
दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में यूपी को नंबर वन बनाए रखने के लिए सरकार 220 नई दुग्ध समितियों का गठन करेगी। अकेले मथुरा में दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए 23 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। साथ ही, कृषि और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 10,880 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि तय की गई है।
गांवों में बिजली, लाइब्रेरी और ‘स्मार्ट क्लास’
मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि अब गांवों को 19 घंटे और जिला केंद्रों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके अलावा किसानों के नलकूपों के लिए मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी। प्राथमिक स्कूलों को ‘स्मार्ट क्लास’ से जोड़ने और माध्यमिक कॉलेजों में सुविधाओं के लिए 820 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ग्राम पंचायतों में ‘डिजिटल लाइब्रेरी’ बनाने के लिए 454 करोड़ रुपये दिए गए हैं। गांवों में स्टेडियम और ओपन जिम बनाने के लिए 130 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
बेटियों की शादी और सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए सरकार ने 750 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मंत्री ने साफ कहा कि इस बजट का सीधा फायदा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मिलेगा। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष संजीव सक्सेना, अनमोल गुप्ता और प्रभाकर शर्मा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read: अमेठी: विधायक सुरेश पासी ने विधानसभा में फिर उठाया विकास और जन सुविधाओं का मुद्दा

