Varanasi News: शुभम का साथी अमित यादव वाराणसी से गिरफ्तार, छात्र राजनीति से शुरू हुई दोस्ती ने बनाया नशे का सौदागर
Varanasi News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने कोडिनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में अमित यादव नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। अमित की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। यह पूरा नेटवर्क छात्र राजनीति की आड़ में शुरू हुआ और देखते ही देखते करोड़ों के अवैध कारोबार में तब्दील हो गया।
पूछताछ में अमित ने बताया कि उसकी और इस धंधे के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की मुलाकात हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। छात्रसंघ चुनाव के वक्त शुभम, अमित का कट्टर समर्थक था और उसके लिए कैंपेनिंग करता था। यहीं से शुरू हुई यह दोस्ती बाद में अवैध कारोबार की पार्टनरशिप में बदल गई। एसटीएफ के मुताबिक, अमित शैली ट्रेडर्स के जरिए नशीले कफ सिरप की सप्लाई और उसे सुरक्षित छिपाने का काम करता था।
वाराणसी से हुई गिरफ्तारी, रडार पर कई फर्में
एसटीएफ की टीम (निरीक्षक अंजनी कुमार पांडेय व आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में) ने अमित को वाराणसी के मैदागिन इलाके से दबोचा। जांच में पता चला है कि ‘फेंसिडील’ कफ सिरप का यह काला खेल मुख्य रूप से रांची और बनारस से ऑपरेट हो रहा था। अमित की गिरफ्तारी के बाद अब कई अन्य फर्मों और रसूखदार लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है।
अमित यादव की गिरफ्तारी के बाद उसकी बदलती जीवनशैली भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले दो सालों में उसकी संपत्ति में अचानक जबरदस्त उछाल आया। उसने वाराणसी के नरसिंह चौतरा क्षेत्र में एक आलीशान होटल बनवाया। अमित के पास एक कीमती एसयूवी गाड़ी भी है। चर्चा है कि यह गाड़ी उसे पिछले साल दीपावली पर शुभम जायसवाल ने ‘गिफ्ट’ के तौर पर दी थी।
Also Read: Lucknow News: महाशिवरात्रि पर भारत की जीत के लिए हुआ भव्य हवन और 5100 दीपों का दान

