T20 World Cup 2026: पाकिस्तान को हराकर आपस में भिड़े भारतीय खिलाड़ी, कप्तान ने किया बीच बचाव
Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के बाद जहां टीम इंडिया जश्न में डूबी नजर आई, वहीं मैदान पर एक ऐसा घटनाक्रम भी सामने आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह पक्की की, लेकिन मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर की है। उस समय गेंदबाजी कर रहे हार्दिक पंड्या की गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने पुल शॉट खेला।
गेंद डीप में खड़े कुलदीप यादव के पास पहुंची, लेकिन वह आसान कैच पकड़ने में चूक गए। गेंद हाथ से लगकर बाउंड्री के बाहर चली गई, जिससे पाकिस्तान को अतिरिक्त रन मिल गए।

विकेट के बाद दिखा हार्दिक का गुस्सा
हालांकि उस वक्त हार्दिक ने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन कुछ गेंदों बाद अहम विकेट लेने के बाद उनका गुस्सा साफ नजर आया।
विकेट गिरते ही जब टीम जश्न मनाने के लिए एकत्र हुई, तो हार्दिक कुलदीप से कैच छूटने को लेकर नाराजगी जाहिर करते दिखे। इस दौरान कुलदीप शांत रहे, लेकिन उनके चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी।
कप्तान ने संभाला मोर्चा
मामला बढ़ता देख टीम के अन्य खिलाड़ी बीच-बचाव के लिए आगे आए। इसी बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव भी वहां पहुंचे और हालात को संभालते हुए माहौल शांत कराया।
पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि इस बहस का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा और भारत ने IND vs PAK, T20 World Cup 2026 में शानदार जीत दर्ज कर ली, लेकिन जीत के जश्न के बीच हुई यह घटना फैंस के बीच चर्चा का विषय जरूर बन गई है।
Also Read: T20 World Cup 2026: ये रिकॉर्ड कायम रहेगा… ईशान किशन की आंधी में उड़ा पाकिस्तान

