Lucknow Court को आया बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल, मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ कोर्ट (Lucknow Court) में सोमवार सुबह ई मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और कोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले शुक्रवार को भी कोर्ट परिसर में चेकिंग अभियान चलाया गया था।
तीन दिन पहले भी ई मेल से फैली थी दहशत
बताया गया कि तीन दिन पहले भी लखनऊ (Lucknow Court) समेत 18 जिलों में एक ई मेल से दहशत फैल गई थी। धमकी भरा मैसेज लखनऊ में जिला जज को ई मेल के जरिए भेजा गया था। मैसेज मिलने के बाद तत्काल कचहरी परिसर को खाली करा लिया गया था। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीम ने कचहरी परिसर की गहन जांच की थी, लेकिन वहां कोई बम नहीं मिला था।

जुमे की नमाज के बाद धमाके की दी गई थी धमकी
धमकी भेजने वाले ने अपने मैसेज में लिखा था कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दोपहर दो बजे कचहरी (Lucknow Court) में धमाका किया जाएगा और अगर बचा सकते हो तो बचा लो। इस मामले की जानकारी वजीरगंज पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई थीं। बड़ी संख्या में पुलिस बल कचहरी परिसर में तैनात किया गया था।
कचहरी खाली कराकर चलाया गया था सर्च ऑपरेशन
धमकी मिलने के बाद अधिवक्ताओं को कचहरी (Lucknow Court) खाली करने के लिए कहा गया था और न्यायाधीश भी परिसर से बाहर निकल गए थे। लंबे समय तक चली जांच के बाद यह सामने आया कि किसी शरारती तत्व ने यह हरकत की थी। इस घटना की वजह से कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ था। कचहरी के सभी गेटों पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए थे और कोर्ट नाजिर ने वजीरगंज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
Also Read: क्रिकेट में हार के बाद Pakistan में रार, असीम मुनीर की नाराजगी की चर्चा तेज

