IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स में गौतम गंभीर की एंट्री की चर्चा, तीन अहम भूमिकाओं का ऑफर

Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर इन दिनों टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान राष्ट्रीय टीम के साथ व्यस्त हैं।

इसी बीच आईपीएल 2026 से पहले उनके राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट ने गंभीर को फ्रेंचाइजी से जोड़ने के लिए तीन अलग-अलग भूमिकाओं का प्रस्ताव भेजा है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर को पार्टनर, मेंटॉर और सीईओ—इन तीन पदों में से किसी एक के लिए ऑफर दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव राजस्थान रॉयल्स के संभावित नए मालिकों में से एक की ओर से आया है।

हालांकि, सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि गंभीर ने फिलहाल इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है और इसके स्वीकार होने की संभावना भी कम है।

Gautam Gambhir

इसकी बड़ी वजह हितों के टकराव से जुड़ी है। गौतम गंभीर का भारतीय टीम के हेड कोच के रूप में करार 2027 वर्ल्ड कप तक है। ऐसे में यदि वे किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी में पार्टनर, सीईओ या मेंटॉर की भूमिका निभाते हैं, तो यह हितों का टकराव माना जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले और लोढ़ा समिति की सिफारिशों के तहत कोई भी व्यक्ति एक साथ भारतीय टीम का कोच और किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी में प्रबंधन/मेंटॉरशिप की भूमिका नहीं निभा सकता।

आईपीएल में गंभीर का मेंटॉर के रूप में रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उनकी मेंटॉरशिप में कोलकाता नाइट राइडर्स खिताब जीत चुकी है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।

माना जा रहा है कि इसी सफल ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश की।

फिलहाल गंभीर से जुड़े सूत्रों ने इस विषय पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है।

IPL 2026 से पहले यह देखना दिलचस्प होगा कि राजस्थान रॉयल्स अपने नए मैनेजमेंट ढांचे में किन बदलावों के साथ मैदान में उतरती है और क्या भविष्य में गंभीर से जुड़ी यह चर्चा किसी ठोस नतीजे तक पहुंचती है।

Also Read: स्मृति मंधाना को मिला बड़ा सम्मान, बनीं 2025 की सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.