Lucknow News: अंसारी परिवार में रार, मुख्तार के भतीजे सलमान ने विधायक भाई मन्नू अंसारी के खिलाफ खोला मोर्चा

Lucknow News: पूर्वांचल की राजनीति में दशकों तक दबदबा रखने वाले अंसारी परिवार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। मुख्तार अंसारी के भतीजे सलमान अंसारी ने अपने ही भाई और मोहम्मदाबाद सीट से मौजूदा सपा विधायक सुहैब उर्फ मन्नू अंसारी पर भ्रष्टाचार और बदतमीजी के गंभीर आरोप लगाए हैं। सलमान के इस बागी रुख ने परिवार की आंतरिक गुटबाजी को जगजाहिर कर दिया है।

सलमान अंसारी ने एक लंबी फेसबुक पोस्ट लिखकर अपना दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि आखिर क्यों वह पिछले 4 साल से अपनी ही विधानसभा (मोहम्मदाबाद-378) नहीं जा रहे हैं। सलमान ने लिखा, मैं वहां विकास के नाम पर चल रही लूट का हिस्सा नहीं बनना चाहता। मेरे सामने क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ बदतमीजी की जाती है, जो मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता। सलमान का आरोप है कि विधायक मन्नू अंसारी सत्ता और पद के मद में चूर हैं। उन्होंने पोस्ट में दावा किया-

कार्यकर्ताओं का अपमान: क्षेत्र के सम्मानित लोगों और कार्यकर्ताओं को बेइज्जत किया जाता है।

अखिलेश यादव का डर: लोगों को धमकी दी जाती है कि अगर विरोध किया, तो राष्ट्रीय अध्यक्ष से कहकर पार्टी से बाहर निकलवा दिया जाएगा।

भ्रष्टाचार के सबूत: सलमान ने दावा किया कि उनके पास भ्रष्टाचार और गलत कामों के इतने सबूत और रिकॉर्डिंग हैं कि ‘कुछ लोग’ बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं।

हम राजा नहीं, जनता मालिक है

अपने भाई पर सीधा हमला बोलते हुए सलमान ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कुछ लोग खुद को राजा और जनता को प्रजा समझने लगे हैं। उन्होंने लिखा, इन सज्जन के पास लूटा हुआ बहुत पैसा है, ये मुझे फंसाने या घर से निकलवाने की कोशिश करेंगे। लेकिन याद रहे, जनता कभी भी राजा का भूत उतार सकती है।

Also Read: सलीम खान अस्पताल में भर्ती, शूटिंग छोड़ देखने पहुंचे सलमान खान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.