आठवले का कांग्रेस पर तंज, बोले- अब अपनों को भी लगने लगा है कि राहुल के बस की बात नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर तीखा हमला बोला। आठवले ने न केवल कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर चुटकी ली, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों और हालिया विवादों पर भी अपनी बात रखी।

मणिशंकर अय्यर द्वारा अपनी ही पार्टी के नेताओं को ‘राउडी’ और कठपुतली कहे जाने पर आठवले ने कहा कि अय्यर का गुस्सा जायज है। उन्होंने कहा, मणिशंकर अय्यर एक वरिष्ठ नेता हैं और उनके साथ मेरे अच्छे संबंध रहे हैं। उनके बयान का सार यही है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कभी मजबूत नहीं हो सकती। अब तो उनके अपने नेताओं को भी यकीन हो गया है कि राहुल गांधी उन्हें सत्ता में वापस नहीं ला सकते। आठवले ने आगे कहा कि जनता का भरोसा पूरी तरह पीएम मोदी के साथ है।

बांग्लादेश में तारिक रहमान की कैबिनेट बनने पर आठवले ने उन्हें जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश अपनी बेरोजगारी दूर करना चाहता है और विकास चाहता है, तो उसे भारत के साथ रिश्तों को और मजबूत करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध भविष्य में और बेहतर होंगे।

टीपू सुल्तान विवाद पर नसीहत

मालेगांव में टीपू सुल्तान की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद पर आठवले ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ टीपू सुल्तान की तुलना करना गलत है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय और कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि उन्हें ऐसी विवादित बातें करने से बचना चाहिए जिससे समाज में दरार पैदा हो।

Also Read: लखनऊ: मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस का विधानसभा घेराव, अजय राय और आराधना मिश्रा हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.