सावधान! बोतलबंद पानी में मिला खतरनाक बैक्टीरिया, गोरखपुर की 4 कंपनियों के पानी पर लगी रोक

Gorakhpur News: बाजार में बिकने वाला शुद्ध पानी आपकी सेहत बिगाड़ सकता है। गोरखपुर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में शहर की चार बड़ी बोतलबंद पानी (Packaged Drinking Water) कंपनियों के नमूने फेल हो गए हैं। इन नमूनों में कोलीफार्म नामक खतरनाक बैक्टीरिया पाया गया है, जो इंसान के शरीर के लिए बेहद घातक है।

इन 4 ब्रांड्स का पानी पीने से बचें

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिन चार कंपनियों के पानी को ‘असुरक्षित’ घोषित करते हुए उनकी बिक्री पर रोक लगाई है, वे हैं-

हाईमैक्स (Highmax): मैसर्स देवकृपा फूड एंड बेवरेजेज, नकहा।

गैलीसिया (Galicia): मैसर्स जीके फूड्स एंड बेवरेजेज, सहजनवा।

एक्वा नीर (Aqua Neer): मैसर्स अजय नीर उद्योग, नौसढ़।

बाटाडू (Batadu): श्री कान्हा इंडस्ट्रीज, गीडा।

क्या है कोलीफार्म और यह कितना है खतरनाक

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष वर्मा के अनुसार, कोलीफार्म बैक्टीरिया वाला पानी पीने से शरीर पर बुरा असर पड़ता है।

पाचन तंत्र: उल्टी, पीलिया और पेट में तेज दर्द हो सकता है।

किडनी और दस्त: इससे खूनी दस्त लग सकते हैं और किडनी तक फेल होने का खतरा रहता है।

अन्य लक्षण: शरीर में थकान, दर्द और आंखों में संक्रमण (Infection) हो सकता है।

पानी के साथ-साथ खाद्य विभाग ने होली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी पर भी बड़ी चेतावनी जारी की है। विभाग के आंकड़े चौंकाने वाले हैं।

नमूने फेल: इस वित्तीय वर्ष में लिए गए 693 नमूनों में से 350 नमूने फेल हो चुके हैं।

खराब पनीर और खोवा: दीपावली के दौरान भारी मात्रा में खराब खोवा और पनीर नष्ट किया गया था। अब पनीर विक्रेताओं के लिए पहचान पत्र (ID Card) अनिवार्य कर दिया गया है।

नकली मसाले और केमिकल: हाल ही में चने में जहरीले रसायन औरामाइन और अमूल बर्फी में फंगस मिली थी। कोतवाली क्षेत्र में एक नकली मसाला फैक्ट्री पर भी छापा मारा गया है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने साफ किया है कि इन चार कंपनियों के पानी की बिक्री और वितरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। अगर किसी होटल, रेस्टोरेंट या दुकान पर इन ब्रांड का स्टॉक पाया गया, तो भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई (अभियोजन) की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: 2027 की लड़ाई, मायावती का एकला चलो का नारा, गठबंधन की खबरों को बताया फेक न्यूज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.