ब्रजेश पाठक के बयान पर शिवपाल का पलटवार, बोले- बटुकों के अपमान का दुख है तो दें इस्तीफा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े राजनीतिक संकट का रूप ले चुका है। प्रयागराज में बटुकों (विद्यार्थियों) के साथ हुई बदसलूकी और उनकी चोटी खींचे जाने के मामले पर सूबे के दोनों डिप्टी सीएम और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। शिवपाल ने कहा कि अगर ब्रजेश पाठक को बटुकों के अपमान का इतना ही दुख है, तो वे सरकार का हिस्सा क्यों बने हुए हैं? उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस सरकार ने बटुकों का अपमान किया, पाठक उसी मंत्रिमंडल के सदस्य हैं, इसलिए इस ‘महापाप’ के भागीदार वे खुद भी हैं।
इससे पहले ब्रजेश पाठक ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि बटुकों की चोटी खींचना एक ‘महापाप’ है। पाठक के मुताबिक, जिन लोगों ने भी ऐसा दुस्साहस किया है, उन्हें इसका फल भुगतना पड़ेगा। ऊपर वाले की खाता-बही में सब लिखा जा रहा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
Also Read: अमेठी में ‘बीमा’ के नाम पर बड़ी लूट, ठग ने झटके 42 लाख रुपये, 11 साल पुरानी पॉलिसी बनी जाल

