Firozabad News: शौच के लिए निकले दोस्तों पर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, जलकर दोनों की मौत
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। यहाँ हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से दो युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा है।
जानकारी के मुताबिक, रुहासी पट्टी गांव के रहने वाले भूपेंद्र (28 वर्ष) और प्रदीप (28 वर्ष) अच्छे दोस्त थे। गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे दोनों साथ में खेतों की ओर शौच के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे गांव की गली से निकलकर मुख्य रास्ते पर आए, तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन में जोरदार स्पार्किंग हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार इतनी अचानक टूटे कि दोनों युवकों को वहां से हटने या भागने का पल भर का समय भी नहीं मिला। हाईटेंशन लाइन के टूटते ही तार सीधे उनके ऊपर जा गिरे। करंट इतना जोरदार था कि देखते ही देखते दोनों युवक आग की लपटों में घिर गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
गांव में चीख-पुकार और हंगामा
हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग दौड़ पड़े। अपनों के शवों को इस हालत में देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर जर्जर तारों को न बदलने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में बिजली के तारों को ठीक कराया जा रहा है ताकि आगे ऐसा कोई और हादसा न हो।
Also Read: AI को GPS की तरह करें इस्तेमाल, पीएम मोदी बोले- रास्ता यह दिखाए पर दिशा हम तय करें

