किंग चार्ल्स के भाई प्रिंस एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स के जिन्न ने बढ़ाईं ब्रिटिश राजघराने की मुश्किलें

Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया भर में चर्चित एपस्टीन फाइल्स के जिन्न ने अब ब्रिटिश राजघराने की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को गुरुवार सुबह उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर सार्वजनिक पद का दुरुपयोग (Misconduct in Public Office) करने का गंभीर संदेह है।

19 फरवरी को प्रिंस एंड्रयू का जन्मदिन है, लेकिन उनके लिए यह दिन खुशियां नहीं बल्कि कानूनी मुसीबतें लेकर आया। सुबह ठीक 8 बजे, सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित उनके आवास पर छह पुलिस कारें और सादे कपड़ों में करीब आठ अधिकारी पहुँचे। पुलिस उन दावों की जांच कर रही है कि जब एंड्रयू ब्रिटेन के व्यापार दूत (Trade Envoy) थे, तब उन्होंने कथित तौर पर संवेदनशील जानकारी साझा की थी।

पुलिस का आधिकारिक बयान

टेम्स वैली पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने नॉरफॉक से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। फिलहाल बर्कशायर और नॉरफॉक के अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। हालांकि, प्रिंस एंड्रयू शुरू से ही इन आरोपों को गलत बताते रहे हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि कानून की नजर में सब बराबर हैं। उन्होंने कहा, यह पुलिस की जांच का विषय है, लेकिन हमारे सिस्टम का मूल सिद्धांत यही है कि कानून के ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो।

क्या है एपस्टीन फाइल्स विवाद

जेफरी एपस्टीन एक अमेरिकी रसूखदार व्यक्ति था, जिस पर यौन अपराधों के गंभीर आरोप थे। हाल ही में सामने आई फाइलों में दुनिया के कई दिग्गजों के साथ प्रिंस एंड्रयू का नाम भी शामिल था, जिसके बाद से ही उन पर इस्तीफा देने और जांच का सामना करने का भारी दबाव था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.