लखनऊ में LDA का एक्शन: गोमती नगर में 5 अवैध कार वर्कशॉप पर चला बुलडोजर, अवैध प्लॉटिंग जमींदोज

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर आज प्रवर्तन टीम ने गोमती नगर के अलग-अलग खंडों और चिनहट क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

लखनऊ में LDA का एक्शन: गोमती नगर में 5 अवैध कार वर्कशॉप पर चला बुलडोजर

रिहायशी इलाकों में कार गैराज पर कार्रवाई

गोमती नगर के पॉश इलाकों में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे 5 कार वर्कशॉप पर बुलडोजर चलाकर उनके स्ट्रक्चर गिरा दिए गए। ये कार्रवाई विजयंत खण्ड, विक्रांत खण्ड, विशेष खण्ड, विराज खण्ड और विकास खण्ड में की गई।

जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि इन वर्कशॉप के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। गाड़ियों की धुलाई से सड़कों पर जलभराव होता था और बेतरतीब पार्किंग के चलते ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी।

लखनऊ में LDA का एक्शन: गोमती नगर में 5 अवैध कार वर्कशॉप पर चला बुलडोजर

चिनहट में अवैध कॉलोनियों पर प्रहार

प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने चिनहट के ग्राम गोइला में एक बड़ा अभियान चलाया। यहाँ लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में बिना किसी अनुमति के 3 अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।

लखनऊ में LDA का एक्शन: गोमती नगर में 5 अवैध कार वर्कशॉप पर चला बुलडोजर

बुलडोजर की मदद से निजी विकासकर्ताओं द्वारा बनाई गई अवैध सड़कें, नालियां और बाउंड्रीवॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। एलडीए ने स्पष्ट किया है कि ऐसी अवैध प्लॉटिंग करने वाले अमित सिंह, वीरेन्द्र कुमार और अन्य भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।

उपाध्यक्ष का सख्त संदेश

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि आवासीय योजनाओं में व्यावसायिक गतिविधियों और अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सके।

Also Read: अमेठी: रिटायरमेंट का पैसा पास करने के बदले मांगी घूस, नलकूप विभाग का क्लर्क गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.