Greater Noida News: पांच बच्चों की मां ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट

Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दादरी पुलिस ने एक युवक की हत्या का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से पति को हटाने के लिए इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

बीते 16 फरवरी को दादरी की शिव वाटिका कॉलोनी के पास पुलिस को एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के बाद मृतक की पहचान घोड़ी बछेड़ा निवासी गोविंद रावल उर्फ भूरा के रूप में हुई। गोविंद के भाई की शिकायत पर जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो शक की सुई घर के अंदर ही जाकर रुकी।

पुलिस जांच में सामने आया कि गोविंद को अपनी पत्नी और पड़ोसी रोहित के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिसे लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था। 5 फरवरी को हुए एक विवाद के बाद पत्नी ने गोविंद को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

तय योजना के मुताबिक, 12 फरवरी को आरोपी रोहित अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ गोविंद को घर से बुलाकर ले गया। रास्ते में उन्होंने एक और साथी नफीस को साथ लिया और शराब खरीदी। एक सुनसान जगह पर ले जाकर तीनों ने गोविंद को जमकर शराब पिलाई। जब गोविंद नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो रोहित ने उसे दबोच लिया और नफीस ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

18 साल पुराना रिश्ता और 5 बच्चे

एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मृतका की शादी गोविंद से साल 2008 में हुई थी और उनके पांच बच्चे हैं। गोविंद अंडे का ठेला लगाता था। पिछले दो साल से उसकी पत्नी के संबंध पड़ोसी रोहित से थे। गोविंद की शराब पीने की आदत और पत्नी के साथ मारपीट ने इस नफरत को और बढ़ा दिया, जिसका अंत इस खौफनाक हत्या के रूप में हुआ।

आरोपियों ने हत्या के बाद शव को एक बाउंड्री वॉल के पास फेंक दिया था। 15 फरवरी को रोहित और धर्मेंद्र दोबारा वहां पहुंचे ताकि शव को कहीं और छुपाया जा सके, लेकिन वे इसमें नाकाम रहे। अगले दिन पुलिस को शव मिल गया और जांच शुरू हो गई।

Also Read: दिग्गज फिल्ममेकर एमएम बेग का संदिग्ध हालातों में निधन, घर से बरामद हुआ शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.