Shravasti News: निःशुल्क विधिक सहायता के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ, तथागत हॉल में लगेगा मेगा शिविर

Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 22 फरवरी को कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हॉल में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर में पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर दिया जाएगा।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रद्युम्न कुमार मिश्र ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की सुविधाएं आमजन तक सरलता से पहुंचाना है।

इस दौरान कुल 44 विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे, जहां विभागीय शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

Shravasti News

शिविर में विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, लघु ऋण योजनाएं तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साथ ही स्वास्थ्य विभाग का विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे, निःशुल्क दवाएं वितरित की जाएंगी और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त राजस्व, श्रम, पंचायतीराज, जिला/खंड/आवास/नगर विकास, डूडा, आईटीआई, पुलिस, कृषि, बैंक, युवा कल्याण, वन, विद्युत, खनन, समाज कल्याण, कौशल विकास, परिवहन, स्वास्थ्य, दिव्यांग सशक्तिकरण, शिक्षा, पशुपालन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, खाद्य सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण समेत अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

रिपोर्ट- माता प्रसाद

Also Read: Varanasi News: भारतीय जनता पार्टी का दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026 सारनाथ में संपन्न, तीन राज्यों के नेता शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.